विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बुधवार को पटना में ठेकेदार रिशु श्री के ठिकाने पर रेड की है। मीठापुर स्थित कांताराम सखी एंक्लेव में सुबह 8 बजे 8 सदस्यीय टीम ने फ्लैट नंबर 5A में दबिश दी है।
ठेकेदार रिशु श्री पर सरकारी टेंडरों में हेराफेरी और अपनी कंपनी को लाभ पहुंचाने के आरोप हैं।
SVU की टीम सुबह से ही दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच में जुटी रही। रिशु श्री पर टेंडर के लिए IAS अधिकारियों को विदेश ट्रिप पर भेजना का भी आरोप है।
वहीं दरभंगा के केवटी ब्लॉक के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंद्र मोहन पासवान के अलग-अलग ठिकानों पर EOU की टीम ने दबिश दी है। EOU की टीम ने कुल छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी की है।इनमें दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड मुख्यालय स्थित उनका कार्यालय और सरकारी आवास शामिल है। इसके अलावा मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक आवास, सीतामढ़ी में एक ठिकाना तथा दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास पर भी टीम दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही है।
