पटना यूनिवर्सिटी में आज सीनेट की बैठक के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के बैनर तले छात्रों ने प्रदर्शन किया गया। छात्र अपनी मांगों को लेकर 3 घंटे तक डटे रहे।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने छात्रों को कैंपस से बाहर कर गेट पर ताला जड़ दिया था। छात्र और छात्राएं कॉलेज के गेट पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे।
पुलिसिया दमन बंद करो, PU हमारे-आपका, नहीं किसी के बाप का…के नारे लगे। थोड़ी देर में छात्रों ने गेट का ताला तोड़ दिया और कैंपस में घुस गए।
इसके बाद वे जयप्रकाश नारायण सभागार पहुंचे, यहां सीनेट की बैठक चल रही थी। इसके गेट पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। छात्र गेट पर बैठकर ही नारेबाजी करने लगे।
मांगों को लेकर छात्रों ने भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया और धरने पर बैठ गए। सीनेट की मीटिंग के बाद प्रॉक्टर और डीन ने छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों को सुना।
इसके बाद उन्होंने धरने पर बैठे छात्रों को लस्सी पिलाकर धरना खत्म करवाया। मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया। हंगामे के बीच सीनेट की बैठक में 535 करोड़ रुपए का बजट पास हुआ।
कॉलेज की छात्रा सबा आफरीन ने बताया, हम अपने कॉलेज की मीटिंग में अपने VC से मिलने आए हैं, लेकिन वो पुलिस को बुलाकर गेट बंद करवा रहे हैं। हमें हमारी ही यूनिवर्सिटी से बाहर किया जा रहा है।
हम चाहते हैं सीनेटे के बजट में हमारे कामों के लिए पैसा अलॉट हो। फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाए। यूनिवर्सिटी में पुलिसिया दमन भी बड़ा मुद्दा है। रात 10, 11 बजे पुलिस यूनिवर्सिटी में पुलिस घुस जाती है। छात्रों को पीटा जाता है। गोली मारने की धमकी दी जाती है।
