बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आज इंटरमीडिएट और मैट्रिक विशेष सह कम्पार्टमेन्टल परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी रिजल्ट जारी किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इंटरमीडिएट में 55.31 % परीक्षार्थी पास हुए हैं।
इसमें 59.29% छात्रा और 52.65% छात्र शामिल हैं। वहीं, मैट्रिक में 57.18% सफल हुए हैं। जिसमें 53.48% छात्रा है और 57.84% छात्र हैं। विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा में 6498 शामिल हुए, जिसमें से 3711 पास हुए। जबकि बिहार बोर्ड मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा में 6034 शामिल हुए थे, 3450 पास हुए हैं।
मई में हुई थी कंपार्टमेंट परीक्षा
बिहार बोर्ड 10वीं कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 का आयोजन 2 मई से 6 मई 2026 के बीच किया गया था। वहीं, 12वीं कंपार्टमेंट एग्जाम 2 से 11 मई तक हुआ था। परीक्षा 2 शिफ्ट में आयोजित हुई थी। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चली। दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई थी।बिहार बोर्ड की ओर से आयोजित कंपार्टमेंट बोर्ड परीक्षा उन छात्रों के लिए कराई जाती है, जो मुख्य परीक्षा में एक या दो विषयों में सफल नहीं हो सके थे या किसी कारणवश नियमित परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे। कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए छात्रों को एक और मौका दिया जाता है ताकि उनका शैक्षणिक वर्ष खराब न हो।
