ऐतिहासिक दिन: आदापुर को मिला राजकीय डिग्री महाविद्यालय, अब घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतीक

आदापुर (पूर्वी चंपारण)-
रक्सौल विधानसभा क्षेत्र एवं विशेषकर आदापुर प्रखंड के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। बिहार सरकार द्वारा राज्य के नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों के ऑनलाइन शुभारंभ के साथ ही आदापुर में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इससे सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर पठन-पाठन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय आदापुर समेत पूरे सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा के नए युग की शुरुआत है। अब आर्थिक और भौगोलिक कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बिहार सरकार एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों के शैक्षणिक विकास को नई गति मिली है। यह महाविद्यालय आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पांडेय, जिला महामंत्री अजय पटेल, जिला उपाध्यक्ष लाल बापू सिंह, मंडल अध्यक्ष नितेश पटेल, दिलीप कुशवाहा एवं मृत्युंजय सिंह, मंडल महामंत्री ओम प्रकाश साहनी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पटेल, ताराचंद पटेल, विधायक प्रतिनिधि शंकर मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे आदापुर एवं पूरे चंपारण क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महाविद्यालय के संचालन से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी और युवाओं के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *