झरोखर में एसएसबी ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, मानव तस्करी व नशा मुक्ति पर दी जानकारी

विद्यालय परिसर में किया पौधरोपण, जमुनिया में चला स्वच्छता अभियान

मोतिहारी। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), मोतिहारी की ओर से कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में 10 सितंबर को समवाय जमुनिया के कार्यक्षेत्र अंतर्गत जीवंत गांव (VVP-II) झरोखर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी की रोकथाम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को इन सामाजिक समस्याओं से बचाव तथा जागरूक नागरिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। एसएसबी अधिकारियों, जवानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

इसी क्रम में जीवंत गांव (VVP-II) जमुनिया में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में साफ-सफाई तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों के साथ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, घोड़ासहन, विद्यालय के शिक्षक तथा छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

एसएसबी की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा दायित्वों के साथ सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम भी लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *