अवैध अतिक्रमण पर सख्त रुख, तत्काल हटाने और भवनों के शीघ्र हस्तांतरण के दिए निर्देश
मोतिहारी | विशेष संवाददाता
पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सोमवार को कृषि उत्पाद बाजार समिति (वि.), मोतिहारी का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा बाजार समिति परिसर की वर्तमान स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फेज–II के तहत निर्मित भवनों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य, उपयोगिता एवं हस्तांतरण प्रक्रिया की अद्यतन जानकारी प्राप्त की।
जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार ने निरीक्षण के दौरान बताया कि फेज–II के अंतर्गत किसानों एवं कृषि विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक आधुनिक प्रशासनिक भवन, निबंधन कार्यालय तथा कर्मचारियों के लिए कैंटीन भवन का निर्माण कराया गया है। इन भवनों के संचालन से कृषि उत्पाद बाजार समिति की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी होगी तथा किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बाजार समिति परिसर में अवैध अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मोतिहारी को तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सभी भवनों के विधिवत हस्तांतरण की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्मित परिसंपत्तियों का उपयोग बिना किसी विलंब के शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों से संबंधित सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सार्वजनिक धन से निर्मित परिसंपत्तियों का उद्देश्य किसानों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए इनका शीघ्र संचालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भी निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं परिसर की समग्र स्थिति का अवलोकन किया तथा आवश्यकतानुसार प्रशासनिक कार्रवाई में पुलिस का पूरा सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता एवं सहायक दंडाधिकारी राजकृष्ण झा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर अरुण कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार, सहायक निदेशक (शस्य), जिला कृषि विपणन पदाधिकारी सह विशेष पदाधिकारी शशि कुमार गुप्ता सहित कृषि एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से यह संकेत स्पष्ट है कि जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, सरकारी परिसंपत्तियों के संरक्षण तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन अब अधिक सक्रिय और सख्त रुख अपनाए हुए है। प्रशासन का उद्देश्य केवल भवनों का निर्माण कराना नहीं, बल्कि उन्हें शीघ्र जनता के उपयोग में लाना और कृषि विपणन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाना है।
