जेल प्रशासन ने व्रतियों को उपलब्ध कराए नए वस्त्र और पूजन सामग्री; डीएम व एसपी ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
श्यामल प्रतिक, पूर्वी चम्पारण
मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ पर मोतिहारी केंद्रीय कारा में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। कारा के 137 बंदियों ने छठ व्रत रखा है। इनमें महिला और पुरुष बंदी शामिल हैं। जेल प्रशासन की ओर से व्रतियों के लिए नए वस्त्र और आवश्यक पूजन सामग्री की व्यवस्था की गई।
चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान कारा परिसर में छठ गीत गूंजते रहे। व्रती बंदियों ने छठ के पारंपरिक नियमों का पालन करते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी की।
डीएम और एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पर्व के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने केंद्रीय कारा का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी और छठ घाट की साफ-सफाई का जायजा लिया तथा जेल प्रशासन को व्रती बंदियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से बंदियों को अपनी आस्था और परंपराओं से जुड़े रहने का अवसर मिलता है। इससे उनके मनोबल और मानसिक स्थिति पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
