लायन बिमल सर्राफ और लायन साइमन रेक्स को उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला एप्रिसिएशन अवार्ड
रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर — श्यामल प्रतीक
रक्सौल/पटना। लायंस डिस्ट्रिक्ट 322-ई का स्थापना समारोह ‘आरोहण’ राजधानी पटना के ताज होटल में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में देश-विदेश से आए लायंस पदाधिकारियों, समाजसेवियों और गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लायनिस्टिक वर्ष 2026-27 की जिलापाल लायन संगीता नंदा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में केन्या से पहुंचे लायंस क्लब इंटरनेशनल के प्रथम उपाध्यक्ष लायन डॉ. मनोज शाह एवं उनकी धर्मपत्नी लायन जेना शाह उपस्थित रहीं। समारोह में पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर लायन बी.के. लूथरा, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, डॉ. झा, बिमल जैन सहित कई पूर्व एवं वर्तमान गवर्नरों ने भी भाग लिया।
समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया, जब लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के वरिष्ठ सदस्य लायन बिमल सर्राफ एवं लायन साइमन रेक्स को लायंस क्लब्स इंटरनेशनल फाउंडेशन—एलसीआईएफ में उत्कृष्ट योगदान के लिए एप्रिसिएशन अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से रक्सौल क्लब के सदस्यों में हर्ष और गौरव का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम उपजिलापाल लायन अविनाश चौधरी, द्वितीय उपजिलापाल लायन गीता शर्मा तथा डिस्ट्रिक्ट के अन्य पदाधिकारियों को डॉ. मनोज शाह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में डॉ. मनोज शाह ने मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को लायनिज्म की मूल भावना बताया। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है।
समारोह में रक्सौल क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन बिमल सर्राफ, लायन नारायण रुंगटा और पूर्व कोषाध्यक्ष लायन अमित कुमार ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं, पूर्व अध्यक्ष लायन साइमन रेक्स एवं पूर्व सचिव लायन मोहम्मद निजामुद्दीन को डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट में स्थान मिलने से संगठन में रक्सौल की मजबूत भागीदारी और प्रभाव भी सामने आया।
‘आरोहण’ समारोह ने नए लायनिस्टिक सत्र के लिए सेवा, समर्पण, नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती का प्रभावशाली संदेश दिया।
