रक्सौल / बीरगंज -भानु जयंती के पावन अवसर पर सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव का संदेश देते हुए वीरगंज स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री गहवा माई मंदिर में आगामी आषाढ़ 32 एवं श्रावण 1 को आयोजित होने वाले “चौथे विशाल रथयात्रा एवं पावन धार्मिक महोत्सव–2083” में भाग लेने के लिए विश्व ज्योतिष महासंघ के एशिया उपाध्यक्ष तथा बृहस्पति फाउंडेशन नेपाल के अध्यक्ष, ‘ज्योतिष सम्राट’ डॉ. पुरुषोत्तम दुबे ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों एवं आम नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विशेष आमंत्रण दिया है।
भानु जयंती के अवसर पर जारी अपने संदेश में डॉ. दुबे ने कहा कि यह धार्मिक महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने वीरगंज के सभी सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों सहित नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की।
डॉ. दुबे ने ज्योतिषीय एवं आध्यात्मिक दृष्टिकोण से बताया कि आषाढ़ के अंतिम दिन और श्रावण संक्रांति का समय, जब सूर्य मिथुन राशि से कर्क राशि में प्रवेश करता है, ब्रह्मांडीय ऊर्जा के संचार और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा कि श्री गहवा माई केवल वीरगंज ही नहीं, बल्कि पूरे मधेश प्रदेश की सर्वोच्च आस्था का केंद्र और शक्ति का महान स्रोत हैं। इस काल में देवी की उपासना, रथयात्रा में सहभागिता तथा महाप्रसाद ग्रहण करने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है तथा मानसिक शांति, आरोग्य और समृद्धि की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि आषाढ़ 32, गुरुवार सुबह ठीक 7:30 बजे श्री गहवा माई मंदिर प्रांगण से विशाल रथयात्रा प्रारंभ होगी। रथयात्रा मार्ग में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा इसका प्रमुख आकर्षण रहेगा। वहीं उसी दिन शाम 6:00 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन का दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
इसी प्रकार श्रावण 1 की सुबह 6:00 बजे 56 भोग महापूजा तथा दोपहर 4:00 बजे विशाल महाप्रसाद भंडारे का आयोजन होगा। डॉ. दुबे ने कहा कि माता रानी के महाप्रसाद का सेवन करना उनकी असीम कृपा और अमृत स्वरूप प्रसाद प्राप्त करने के समान है, जो आत्मा और शरीर दोनों को पवित्र करता है। उन्होंने लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए सभी से आयोजन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आदिकवि भानुभक्त आचार्य ने रामायण के माध्यम से नेपाली समाज को सांस्कृतिक रूप से जोड़ा, उसी प्रकार श्री गहवा माई की यह रथयात्रा और भंडारा समाज में आपसी भाईचारे, धार्मिक सौहार्द और सामाजिक एकता को और मजबूत करेगा।
डॉ. दुबे ने वीरगंज के सभी सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे रथयात्रा के दिन अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने कलश, तोरण और दीप जलाकर माता का भव्य स्वागत करें तथा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत और अन्य सेवाभाव के कार्यों में सहयोग दें। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे सभी श्रद्धालुओं को भानु जयंती की शुभकामनाएं देते हुए माता श्री गहवा माई से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की मंगलकामना की।
इस अवसर पर आयोजित शुभकामना कार्यक्रम में श्री गहवा माई रथयात्रा के संयोजक बसंत गुप्ता, विकास समिति के उपाध्यक्ष देवानंद कलवार, सचिव पप्पू गुप्ता, कोषाध्यक्ष रवि अग्रवाल तथा पदाधिकारी एवं सदस्य दीपू गुप्ता, आकाश गिरी, राजन कुमार गुप्ता, राहुल रौनियार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
