सम्राट सरकार ने सोमवार देर रात बड़े स्तर पर IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। सीवान के DM विवेक रंजन मैत्रेय को बदला गया है। यहां स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान AK-47 से गोली चली थी। विवेक रंजन मैत्रेय फिलहाल वेटिंग फॉर पोस्टिंग पर सामान्य प्रशासन गए है।
भरत एनकाउंटर के बाद नए IAS को भोजपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है। तनय सुल्तानिया की जगह मनोज कुमार मीणा को नया DM बनाया गया है। इन दोनों के साथ ही बिहार के 5 जिलों के DM को बदला गया है।
सरकार ने कई विभागों के प्रधान सचिव, अपर मुख्य सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है। पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है, जबकि राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, निगरानी, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण और मद्य निषेध विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।
997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार, जो अब तक ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव थे, उनका ट्रांसफर कर गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वे जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में पहले की तरह बने रहेंगे।
पंकज कुमार के गृह विभाग में आने के बाद कुंदन कुमार गृह विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। कुंदन कुमार उद्योग विभाग के सचिव के साथ कई अन्य जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
2001 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पद से तबादला कर पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है।
वहीं, पटना के मौजूदा आयुक्त मयंक वरवड़े का ट्रांसफर कर निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
