गांधी आश्रम में पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि; तकनीक, युवा शक्ति और आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
चाणक्य न्यूज़ इंडिया
आदापुर। आधुनिक भारत को तकनीक और संचार के नए दौर की ओर ले जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को आदापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। प्रखंड कांग्रेस कमेटी आदापुर की ओर से गांधी आश्रम स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व, विचारों और देश के विकास में योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को समाज तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
तकनीक और युवा शक्ति से बदलते भारत की रखी बुनियाद
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने ऐसे समय में आधुनिक तकनीक और संचार की संभावनाओं को पहचाना, जब देश में इनका विस्तार शुरुआती दौर में था। कंप्यूटर एवं दूरसंचार क्षेत्र को प्रोत्साहन देने और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में उनके कार्यकाल में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
वक्ताओं ने कहा कि मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने के फैसले ने देश के करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधे भागीदार बनने का अवसर दिया। उनके कार्यकाल में पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को भी याद किया गया।
‘राजीव गांधी की सोच में भविष्य का भारत था’
प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि राजीव गांधी का दृष्टिकोण भविष्य के भारत को लेकर था। उनका विश्वास आधुनिक तकनीक, शिक्षा और युवा शक्ति के माध्यम से देश को आगे ले जाने में था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया और संगठन को मजबूत करने के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में महासचिव परमानंद प्रसाद, मोहम्मद फैजूल्लाह, हरेश्वर पाल, उपाध्यक्ष वैद्यनाथ प्रसाद, सचिव परवेज आलम, संजय प्रसाद कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष राम बाबू राम के अलावा गफ्फार मियां, मुर्तजा आलम, कयूम मियां, रतन साह, अशरफ अली, सैफूल्लाह मियां, कामेश्वर सिंह, शत्रुधन प्रसाद, नरेश सिंह, मुकेश गुप्ता, नुरैन अंसारी, लाल बाबू प्रसाद और रंजीत कुमार सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राजीव गांधी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।
