आदापुर (पूर्वी चंपारण)। आदापुर प्रखंड के मूर्तियां पंचायत अंतर्गत धबधबवा गांव में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिन्हा ने की।
डॉ. सिन्हा ने बताया कि डायबिटीज एवं हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों में टीबी होने की संभावना अपेक्षाकृत अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उच्च जोखिम वाले लोगों की विशेष स्क्रीनिंग की गई। शिविर में टीबी स्क्रीनिंग के साथ-साथ एचआईवी एवं सिफलिस एंटीबॉडी जांच तथा रक्तचाप की भी जांच की गई। जिन लोगों में संक्रमण की आशंका पाई गई, उन्हें आगे की जांच एवं समुचित उपचार के लिए परामर्श दिया गया।
शिविर में कुल 119 महिला एवं पुरुषों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को टीबी एवं एचआईवी जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच कराने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में वरीय उपचार पर्यवेक्षक पप्पू कुमार राय, सीएचओ रंजीत चौधरी, एएनएम खुशबू कुमारी एवं पुनीता कुमारी, एलटी कमरे आलम, निर्देश संस्था के आउटरीच वर्कर सुनीता कुमारी, प्रेमचंद प्रसाद, शिवाका कुमार, पीएल कविता देवी, सीमा देवी, कृष्णा देवी, आशा फैसिलिटेटर सुनीता जायसवाल, आशा कार्यकर्ता अनिता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
— श्यामल प्रतीक
रक्सौल अनुमंडल संवाददाता, चाणक्य न्यूज़ इंडिया
