धान खरीदी की कलेक्टर ने की समीक्षा, अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

धान खरीदी की कलेक्टर ने की समीक्षा, अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पहले दिन 353 किसानों से खरीदा गया 1,000 मीट्रिक टन धान

बलौदाबाजार, 16 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी धान उपार्जन केंद्रों में नियुक्त नोडल अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक उपार्जन केंद्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। संबंधित अधिकारी अपने केंद्र का नियमित निरीक्षण कर खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। किसानों से जिला कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सूचनाओं एवं शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान से किसान संतुष्ट होने चाहिए।

किसानों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी

कलेक्टर ने जिला कंट्रोल रूम का नंबर 9201899925 सभी समितियों में लगाए गए फ्लेक्स पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसान आसानी से अपनी समस्या और शिकायत दर्ज करा सकें।

उन्होंने कृषक उन्नति योजना की जानकारी देते हुए किसानों को जागरूक करने कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने की स्थिति में भी 21 क्विंटल तक की पात्र मात्रा के अंतर की राशि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से देय होगी।

तुंहर टोकन मोबाइल ऐप का करें प्रचार-प्रसार

कलेक्टर ने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि वे उपार्जन केंद्र से अच्छा अनुभव लेकर लौटें। राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए तुंहर टोकन मोबाइल ऐप विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

पहले दिन 353 किसानों से 1,000 मीट्रिक टन धान खरीदी

बैठक में जानकारी दी गई कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन 15 नवंबर को जिले के 353 किसानों से कुल 1,000 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।

इस वर्ष जिले में एग्रीस्टेक पोर्टल पर कुल 1,70,636 किसानों ने पंजीयन कराया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले का लक्ष्य 8,97,854 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। वहीं 16 नवंबर के लिए 494 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 1,538 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित है।

भाटापारा मंडी में 3,077 रुपये प्रति क्विंटल की दर

बैठक में बताया गया कि भाटापारा मंडी में इस वर्ष धान की अच्छी आवक हो रही है। किसान मंडी में 3,077 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेच सकते हैं।

बैठक में जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता, उप संचालक कृषि दीपक नायक, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी जी.एन. साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

चाणक्य न्यूज़ इंडिया
रिपोर्टर – हिमांशु शुक्ला
बलौदाबाजार-भाटापारा, छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *