अब हकीकत देखिए, मॉडल स्कूलों में अप्रैल 2026 से एडमिशन शुरू हो गया, लेकिन यहां पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं मिल रहे। राज्य के सरकारी स्कूलों के शिक्षक मॉडल स्कूल में जाने में रुचि नहीं दिखा रहे।
बिहार सरकार मॉडल स्कूल के लिए सबसे अच्छे शिक्षकों को चुनने के लिए इंटरव्यू कराती है
मॉडल स्कूलों में टीचर पोस्टिंग की प्रक्रिया स्लो है। सभी 38 जिलों के एक भी स्कूल में टीचर पोस्टिंग की प्रक्रिया फाइनल नहीं हो सकी है। इंटरव्यू और प्रोविजनल मेरिट लिस्ट से आगे कार्रवाई नहीं बढ़ी है।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में बात इंटरव्यू से आगे नहीं बढ़ी है। वहीं, मौजूदा सीएम सम्राट चौधरी के जिला में प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी की गई।
मुंगेर जिला में मात्र 55 आवेदन मिले हैं। 22-23 अप्रैल 2026 को बुलाए गए इंटरव्यू में आवेदन करने वाले 55 शिक्षकों में से 28 शामिल हुए। शिक्षा विभाग की कसौटी पर सिर्फ 6 खरे उतरे। मुंगेर में मौजूदा वक्त में 9 स्कूलों को मॉडल श्रेणी में अपग्रेड किया जा रहा है। एक स्कूल में 24-26 शिक्षकों की जरूरत है। ऐसे में कम से कम 216 शिक्षक चाहिए।
शिक्षा विभाग ने 27 मई 2026 को आदर्श विद्यालयों (मॉडल स्कूल) को चलाने की समीक्षा की। इस दौरान यह पाया गया कि ज्यादातर स्कूलों में निर्धारित रिक्तियों के मुकाबले पर्याप्त शिक्षकों ने आवेदन नहीं किया है।
क्यों शिक्षकों की रुचि नहीं?
मॉडल स्कूलों में पढ़ाने के लिए क्यों शिक्षक रुचि नहीं ले रहे हैं। इस पर सीनियर जर्नलिस्ट और शिक्षाविद डॉ लक्ष्मीकांत सजल ने कहा, ‘इसकी वजह मॉडल स्कूल और सामान्य स्कूल के लिए पे-स्केल बराबर होना है। मॉडल स्कूल में पढ़ाने वालों के लिए नए और आकर्षक पे-स्केल की व्यवस्था नहीं की गई है। इन स्कूलों में ज्यादा काम करने की बात कही जा रही है।’
उन्होंने कहा, ‘मॉडल स्कूल में पढ़ाने के लिए आकर्षण पैदा करने के लिए सरकार को अलग पे-स्केल बनाना चाहिए। सामान्य और मॉडल स्कूल की सुविधाएं समान हैं तो कोई टीचर मॉडल स्कूलों में क्यों जाएगा जहां उसे ज्यादा मेहनत करनी होगी।’
टीचर नहीं मिलने पर शिक्षा विभाग ने जारी किया नया शेड्यूल
शिक्षक नहीं मिलने की स्थिति में शिक्षा विभाग ने नया शेड्यूल जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिलों को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
- अब शिक्षक मॉडल स्कूलों में नियुक्ति के लिए 1 से 4 जून के बीच आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद इन आवेदन की जांच और समीक्षा 5 से 7 जून 2026 तक होगी।
- शिक्षकों को इंटरव्यू के लिए 8 से 12 जून 2026 के बीच बुलाया जाएगा। चयनित शिक्षकों की लिस्ट 13 जून 2026 तक जारी होगी।

