मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर में कहा कि अगले कुछ दिनों में मैं भारत सरकार के मंत्री या फिर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुजफ्फरपुर आऊंगा और यहां मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का काम करूंगा। सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। रनवे के काम की टेंडर प्रक्रिया चल रही है। सारे काम पूरे करके मैं जल्द ही मुजफ्फरपुर आने वाला हूं।
उन्होंने ये भी कहा कि अभी मुजफ्फरपुर से पटना जाने में डेढ़ घंटे का समय लगता है, डीपीआर का काम शुरू हो चुका है, रैपिड रेल से मुजफ्फरपुर से पटना जाना सिर्फ 30 से 40 मिनट में संभव हो जाएगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर का मोतीपुर हॉट स्पॉट है, जो भी बिजनेसमैन आता है, कहता है कि मुजफ्फरपुर में जमीन दे दीजिए, हाजीपुर में जमीन दे दीजिए, पटना में जमीन दे दीजिए। सरकार का निर्णय है कि अगली बार यानी जब 2030 में जब चुनाव में आपसे वोट मांगने आऊंगा, उस वक्त पूरे बिहार में 25 चीनी मिल का काम शुरू हो चुका होगा। बिहार को आगे बढ़ाना ही मेरा धर्म है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने अपने पहले कैबिनेट में 12 टाऊनशीप की घोषणा की है। 22 हजार एकड़ जमीन में नया शहर बसाने का काम शुरू किया है, जिसका नाम तिरहुत होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में ये बातें कही।
