ग्रामीण कार्य विभाग से सड़कों का हस्तांतरण नहीं हो रहा है। जल संसाधन विभाग से समय पर अनापत्ति (एनओसी) भी नहीं मिल रही है। इस वजह से सड़क और पुल निर्माण की योजनाओं में देरी हो रही है।
इस समस्या को सुलझाने के लिए पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र अब ग्रामीण कार्य मंत्री और जल संसाधन मंत्री को अनुरोध पत्र लिखेंगे। इस मामले की वस्तु स्थिति से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी अवगत कराया जाएगा। इससे योजनाओं का काम समय पर पूरा होगा और सरकार के पैसे व समय की बचत होगी।
शनिवार को पथ निर्माण मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी योजना का टेंडर निकालने से पहले प्री-कंस्ट्रक्शन गतिविधियां पूरी कर ली जाएं। इनमें भूमि अधिग्रहण, फॉरेस्ट क्लीयरेंस, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पर्यावरण क्लीयरेंस शामिल हैं। नई योजनाओं की फंडिंग के लिए उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करने को कहा गया है। मंत्री ने देरी से चल रही योजनाओं के ठेकेदारों को नोटिस देकर काम पूरा कराने का निर्देश दिया है। जो ठेकेदार समय पर काम नहीं करेंगे, उन्हें डिबार किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सभी योजनाओं का कार्यान्वयन पूरी गुणवत्ता के साथ और समय पर पूरा करवाएं।
बिहार में अक्सर सड़क और पुल निर्माण की योजनाएं समय पर पूरी नहीं होती हैं। इसका मुख्य कारण टेंडर होने के बाद भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से एनओसी मिलने में देरी है। पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र का नया निर्देश इस दिशा में एक व्यावहारिक और बड़ा सुधार है। टेंडर से पहले ही भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण क्लीयरेंस जैसी अनिवार्यताएं पूरी होने से प्रोजेक्ट बीच में नहीं अटकेंगे। इससे सरकारी धन की बर्बादी रुकेगी। विभागों के बीच तालमेल बढ़ेगा।
लखीसराय आरओबी बना रही एजेंसी ब्लैकलिस्टेड
लखीसराय बाइपास रेलवे ओवरब्रिज के स्पैन में आए क्रैक को गंभीर मानते हुए निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया है। अब पुल निगम और तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में आरओबी की मरम्मत होगी। लखीसराय शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले इस बाइपास आरओबी पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। हल्के वाहनों को अनुमति रहेगी।
भागलपुर में सड़कें होंगी चौड़ी : सोनबरसा दुमुही चौक से एनएच 31 और पंडित दीन दयाल उपाध्याय चौक खरीक से भवनपुरा तक सड़क का चौड़ीकरण होगा। भागलपुर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए इस सिंगल लेन सड़क को पथ निर्माण विभाग अपने अधीन लेकर चौड़ा करेगा।
