हाजीपुर में निशांत पर बुलडोजर से बरसाए गए फूल:कार्यकर्ता बोले- बिहार के अगले CM होंगे; चंपारण से शुरू होगी सद्भाव यात्रा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज से ‘सद्भाव यात्रा’ पर हैं। वैशाली में कार्यकर्ताओं ने निशांत पर बुलडोजर से फूल बरसाए। इस दौरान रथ में लगी लिफ्ट से ऊपर आकर निशांत ने सभी कार्यकर्ता का अभिवादन किया।

निशांत पहले दिन बेतिया-पश्चिम चंपारण के क्षेत्रों में जाएंगे। 4 मई को वाल्मीकिनगर में जंगल सफारी भी करेंगे। उनके साथ श्रवण कुमार और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद हैं। यात्रा के दौरान जदयू कार्यकर्ता काफी उत्साहित दिखे।

यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने 7 सर्कुलर रोड में पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे जदयू कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शंखनाद और बिगुल बजाकर स्वागत किया। कहा- निशांत बिहार के अगले CM होंगे।

जदयू कार्यलय में निशांत ने कहा, “हमने इसका नाम सद्भाव यात्रा दिया है। इसका मतलब सबको साथ लेकर चलना है।”निशांत के रथ को फूलों से सजाया गया है। जिस रथ से निशांत यात्रा करेंगे उसमें किसी तरीके का कोई बदलाव नहीं किया गया है। निशांत की कोई ब्रांडिंग नहीं की गई है। ये वही निश्चय रथ है, जिससे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यात्रा पर निकलते थे। निशांत अपनी यात्रा के लिए पटना से रवाना हो गए।

निशांत कुमार ने अपनी यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से की है, जो महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही है। यही इलाका उनके पिता नीतीश कुमार के लिए भी राजनीतिक रूप से अहम रहा है।

यात्रा के पहले दिन निशांत कुमार का कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम तय है। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कार्यकर्ता शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे और यात्रा को जनसंपर्क अभियान के रूप में आगे बढ़ाएंगे।

नीतीश कुमार ने भी अपनी कई महत्वपूर्ण यात्राओं की शुरुआत चंपारण से ही की थी। ऐसे में निशांत का यह कदम उनके राजनीतिक इरादों और दिशा को स्पष्ट करता है।

सद्भाव यात्रा के जरिए निशांत कुमार यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वे अपने पिता के राजनीतिक मूल्यों और कार्यशैली को आगे बढ़ाएंगे।

यह यात्रा उनके सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका की शुरुआत हो सकती है और आने वाले समय में उनकी भूमिका और स्पष्ट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *