यूपी में जीजा ने साली की हत्या करके जान दी:बाइक से ससुराल पहुंचकर वारदात की, 9 महीने पहले बड़ी बहन से हुई थी शादी

कुशीनगर में जीजा ने गोली मारकर अपनी सगी साली की हत्या कर दी। खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। जीजा बुधवार सुबह बाइक से बिहार से ससुराल पहुंचा था। साली को बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया, कमरा अंदर से बंद किया और साली की कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर कर दिया। फिर खुद की कनपटी पर गोली मार ली।

गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। खिड़की से झांककर देखा तो दोनों खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। थोड़ी देर में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। घटना जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर तमकुहीराज थाना क्षेत्र की है।

परिजनों के मुताबिक, बिहार के रहने वाले जितेंद्र प्रजापति (27) की शादी 9 महीने पहले हुई थी। शादी के बाद उसका अपनी साली नैना कुमारी (18) से अफेयर चल रहा था।

शंभू प्रजापति तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने 9 महीने पहले अपनी बड़ी बेटी की शादी बिहार के गोपालगंज जिले के धर्मचक गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति से की थी। दोनों घरों के बीच की दूरी महज 15 किलोमीटर है।

परिजनों ने बताया कि जितेंद्र बुधवार सुबह 7 बजे अकेले बाइक से ससुराल आया। दामाद के पहुंचते ही परिजनों ने उसका स्वागत किया। नाश्ता-पानी करने के बाद सुबह करीब 8 बजे उसने साली नैना कुमारी को बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया और अंदर से कुंडी लगा ली।

कुछ देर बाद उसने साली की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग दौड़कर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। तभी एक और गोली की आवाज सुनाई दी। खिड़की से झांककर देखा तो दोनों के शव फर्श पर पड़े थे। सिर लहूलुहान थे और पूरे कमरे में खून फैला हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *