बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित न रहे, सामाजिक व्यवहार में भी दिखे
रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर श्यामल प्रतिक
रक्सौल। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को भारत विकास परिषद की रक्सौल शाखा ने कन्या पूजन के साथ बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया। कोईरिया टोला स्थित शिवनारायण कॉम्प्लेक्स में आयोजित कन्या पूजन, कन्या सम्मान एवं संस्कार समारोह में 40 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण कराने के बाद शैक्षणिक पाठ्य सामग्री, श्रीफल और उपयोगी उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
परिषद की महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित समारोह में कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन और श्रृंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की आराधना एवं आरती हुई। पूजा-अर्चना में शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, मेनका गुप्ता, सीमा गुप्ता, किरण जायसवाल, पूनम सर्राफ, डॉ. अदिति गुप्ता और शाम्भवी जायसवाल ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर मेनका गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है, लेकिन बेटियों के प्रति श्रद्धा और सम्मान केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह भावना परिवार और समाज के रोजमर्रा के व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या, यौन शोषण और दहेज उत्पीड़न जैसी कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक प्रयास का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “बेटी बचाएंगे, तभी सृष्टि बचेगी; बेटियां हैं तो कल है।” बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं सचिव नरेश कुमार ने कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समान अवसर और सम्मान मिलने पर बेटियां शिक्षित, संस्कारित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका और मजबूती से निभा सकती हैं।
परिषद के संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह एवं संगठन सचिव अजय कुमार ने बताया कि ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए बीते दिनों रक्सौल अनुमंडल के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की छात्राओं के बीच शैक्षणिक पाठ्य सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग देना है।
सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ एवं विजय कुमार साह ने बताया कि ‘एनीमिया मुक्त भारत’ अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से शहर के विभिन्न विद्यालयों, विशेषकर सरकारी विद्यालयों में निःशुल्क एनीमिया जांच शिविर आयोजित करने की तैयारी है। प्रस्तावित शिविरों में छात्राओं की जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यकता के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
कार्यक्रम के आयोजन में प्रशांत कुमार, अजय कुमार, नीतेश कुमार सिंह, विजय कुमार साह, अरविंद जायसवाल, सुरेश धानोठिया, विनोद कुमार एवं दिनेश प्रसाद सहित परिषद के अनेक सदस्यों ने योगदान दिया। कार्यक्रम की जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।
