खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान ने आत्मरक्षा में नहीं, बल्कि दहशत फैलाने के लिए अपने दोनों बॉडीगार्डों से गोलियां चलवाई थीं। पुलिस डायरी से यह खुलासा हुआ है कि मारपीट और तोड़फोड़ की घटना 2 जून की रात 10:10 बजे हुई थी, जबकि दोनों गार्डों प्रदीप और तालेबर सिंह ने रात 10:30 बजे गोलियां चलाई थीं।
खान ने शुरुआत में यह बताया ही नहीं कि उनके बॉडीगार्डों ने गोली चलाई। जब सीसीटीवी फुटेज सामने आया तब खान ने कहा कि सेल्फ डिफेंस में गोली चलवाई थी। खान की ओर से उनके मैनेजर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस एवं अभिषेक और गौरव को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया तो उसमें गोली चलने की बात ही नहीं लिखी।
पुलिस ने केस डायरी में आत्मरक्षा के आधार पर फायरिंग का जिक्र नहीं किया है। खान और उनके दोनों बॉडीगार्डों पर पुलिस के बयान पर केस दर्ज किया गया है। इस केस में दोनों बॉडीगार्डों ने पुलिस को दिए गए बयान में कहा है-खान के कहने पर ही फायरिंग की थी। कोर्ट ने पुलिस से 20 जून या इससे पहले डायरी मांगी है। 20 जून को खान के दोनों बॉडीगार्डों की नियमित जमानत पर सुनवाई होगी। तब तक खान की गिरफ्तारी पर रोक लगी है।
कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, आत्मरक्षा का दावा करने के लिए केवल खतरे की आशंका पर्याप्त नहीं मानी जाती। यह दिखाना होता है कि हालात ऐसे हो गए थे कि तत्काल खतरा मौजूद था। बचाव के लिए उठाया गया कदम परिस्थितिवश जरूरी था। खान को साबित करना होगा कि गोली सेल्फ डिफेंस में चलाई गई थी। हमलावरों के हाथों में हथियार थे। अगर गोली नहीं चलाई जाती तो उनके साथ कोई भी अनहोनी हो सकती थी।
रौशन आज कोर्ट में परिवाद दायर करेंगे
उधर, रौशन आनंद के भाई की मौत के मामले में दूसरे दिन भी केस दर्ज नहीं किया गया। रौशन ने बुधवार रात कदमकुआं थाने में आवेदन दिया था। इसमें कहा है कि उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या साजिश कर नेपाल में करा दी गई। हत्या कराने का आरोप खान और कोल्ड स्टोरेज के मालिक डॉ. आरएस प्रसाद पर लगाया है। यही नहीं, रौशन ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके जेल में रहने के दौरान फैजल खान, कोल्ड स्टोरेज के मालिक डॉ. आरएस प्रसाद, खान के मैनेजर कन्हैया कुमार सिंह और अन्य लोगों ने षड्यंत्र रचकर जेल में बंद दोनों बॉडीगार्डों प्रदीप और तलेबर सिंह से उनकी हत्या कराने की कोशिश की। उनके वकील निरंजन कुमार सिंह ने कहा कि शुक्रवार को कोर्ट में परिवाद दायर करेंगे।
